एमएसएमई को मिलेगा नया बाजार, निवेश और नवाचार का मंच: आरडी नजीम

0

3 से 5 जनवरी तक शिमला में होगा हिम एमएसएमई फेस्ट-2026

हिमाचल प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से उद्योग विभाग द्वारा हिम एमएसएमई फेस्ट-2026 का आयोजन 3 से 5 जनवरी 2026 तक शिमला में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय मेगा आयोजन का उद्देश्य एक ओर प्रदेश के एमएसएमई को देश-विदेश की ई-कामर्स कंपनियों से जोड़ना है। आज दोपहर बाद फेस्ट की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) आरडी नजीम (आईएएस) की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उसके बाद नजीम अधिकारियों के साथ रिज मैदान पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। जिसमें उद्याेग विभाग के निदेशक डा. यूनुस (आईएएस), अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा, संयुक्त निदेशक दीपिका खत्री और अनिल ठाकुर उपस्थित रहे।

अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम ने कहा कि बैठक में आयोजन की स्पष्ट कार्ययोजना तय की गई। सफल आयोजन के लिए नियमित बैठकों और जमीनी स्तर पर तैयारियां जारी हैं। वहीं, दूसरी ओर हिमाचल में निर्मित पारंपरिक व स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। यह आयोजन प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की प्राथमिक पहल है। जिसके तहत निवेश प्रोत्साहन, महिला उद्यमिता और समावेशी औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। फेस्ट में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। जबकि उद्योग मंत्री, भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, नीति आयोग, डीपीआईआईटी सहित राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग जगत की नामचीन हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। राज्य में औद्योगिकीकरण की रफ्तार तेज करने के लिए ग्रीन मोबिलिटी, डिफेंस, फार्मा, डेयरी, फूड प्रोसेसिंग, एआई एंड चिप्स, डाटा सेंटर सहित अन्य सनराइज सेक्टरों को चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ निवेश संभावनाओं और नई औद्योगिक नीति को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

उद्घाटन, स्टार्टअप अवार्ड और सांस्कृतिक संध्या

3 जनवरी 2026 को फेस्ट का विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान स्टार्टअप अवार्ड्स एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश भर के कलाकार हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेंगे।

पारंपरिक शाल और जिला विशेष उत्पाद होंगे आकर्षण

फेस्ट के पहले दिन का प्रमुख आकर्षण विभिन्न जिलों की हस्तनिर्मित शॉलों का विशेष प्रदर्शन होगा। जो प्रदेश की बुनाई और हस्तशिल्प परंपरा को दर्शाएगा। इसके अलावा तीनों दिन फैक्ट्री आउटलेट्स और प्रदर्शनी स्टाल लगाए जाएंगे। जहां हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों से आए अनूठे उत्पाद प्रदर्शित व बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

ई-कामर्स से जुड़ेंगे एमएसएमई

उद्योग निदेशक डा. यूनुस ने जानकारी दी कि फेस्ट के दौरान थीम आधारित ज्ञान सत्र, नेटवर्किंग बैठकें, स्टार्टअप प्रोत्साहन और महिला उद्यमिता पर विशेष संवाद आयोजित होंगे। इसके साथ ही वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) पर केंद्रित बायर-सेलर मीट होगी। एमएसएमई को वालमार्ट, अमेज़न, जीआई टैग्ड प्लेटफार्म और ओएनडीसी जैसी ई-कामर्स कंपनियों से जोड़ने की दिशा में भी ठोस पहल की जाएगी। इसके अलावा ब्रिक्स चैंबरआफ कामर्स एंड इंडस्ट्री का प्रतिनिधिमंडल भी सीईओ इंटरेक्शन में भाग लेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here