सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए एसजेवीएन ने शिमला स्थित अपने कारपोरेट मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में कर्मचारियों, उनके परिजनों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 200 से अधिक यूनिट रक्तदान किया। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस तरह की पहलें न केवल संगठन में संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को सहयोग देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शिविर का उद्घाटन निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज पोरवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों की स्वैच्छिक सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि एसजेवीएन भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अजय कुमार शर्मा और उनकी धर्मपत्नी शैली शर्मा (संरक्षिका, सतलुज श्री लेडीज क्लब, शिमला) ने स्वयं रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया।
पार्थजीत डे ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और ऐसे शिविर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों में एकता और मानवीय मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं। शिविर में कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सतलुज श्री लेडीज क्लब के सदस्यों और संविदा कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी रक्तदाताओं को सम्मान स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। रक्तदान शिविर का आयोजन इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज (आईजीएमसी) के आईएच एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सहयोग से किया गया। शिविर में आईजीएमसी की चिकित्सा टीम ने आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं।



