भाजपा केंद्र सरकार से पैसा लाने में कांग्रेस सरकार की मदद करे: विक्रमादित्य सिंह

0

तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से शिमला लौटे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाए, केंद्र से पैसा लाने में कांग्रेस सरकार की मदद करे। उनका कहना था कि दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष हिमाचल के लंबि मुद्दे उठाए गए। पिछले साल प्रदेश में आई आपदा के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की थी, इस संबंध में उनसे सहायता धनराशि जारी करने का आग्रह किया गया। सचिवालय में आज लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि दिल्ली दौरे के दौरान बैठक में विशेष रूप से प्रदेश की क्षतिग्रस्त सड़कों के बारे में चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया गया है कि केंद्र सरकार शीघ्र उपयुक्त बजट का प्रावधान करें ताकि इन सड़कों की मरम्मत करवाई जा सके। लगभग 152 करोड़ रुपये के बजट के प्रावधान की जो घोषणा पूर्व में की गई है उस धनराशि को भी शीघ्र प्रदेश को उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में हिमाचल प्रदेश के लिए जो 69 राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए थे, उस मामले पर अभी तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई है। केन्द्र सरकार प्रदेश के लिए छः राष्ट्रीय राजमार्ग शीघ्र शुरू करवाने बारे भी आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि घटासनी-शिल्हा-बधानी-भुभूजोत-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग को शीघ्र शुरू करवाने के लिए भी केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया गया है जिस पर केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार को इसका प्रस्ताव भेजने के लिए कहा है। इस राजमार्ग एवं सुरंग के निर्माण से लगभग 60 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। पठानकोट-कुल्लू-मनाली-लेह सड़क के वैकल्पिक निर्माण पर भी चर्चा की गई क्योंकि यह मार्ग भारतीय सेना के लिए सीमा एवं लॉजिस्टिक हब के कारण महत्त्वपूर्ण है।

हिमाचल को एक नई स्मार्ट सिटी मिल सके

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थिति में उन्होंने चंडीगढ़ में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात कर प्रदेश में दो स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त एक नई स्मार्ट सिटी योजना चलाने का आग्रह किया है ताकि प्रदेश को एक और स्मार्ट सिटी मिल सके। इसके अतिरिक्त माउंटेन टाउनशिप प्रोजेक्ट के बारे में भी चर्चा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here