प्रदेश के ऊना जिला हरोली में स्थापित हो रहे बल्क ड्रग पार्क निर्माण में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक नियुक्तियां करने का कार्य शुरू हो गया है। आज पार्क की मानव संसाधन समिति ने सिविल विंग इकाई की स्थापना के लिए एमडी-सह-सीईओ (एचपीबीडीआईएल) राकेश प्रजापति की अध्यक्षता में अपनी पहली बैठक की। हिमाचल प्रदेश बल्क ड्रग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचपीबीडीआईएल) के तत्वावधान में एस्टेट विंग को राज्य मंत्रिमंडल ने पहले ही निविदाएं जारी करने की मंजूरी दे दी थी। सिविल विंग में एसई और कार्यकारी अभियंता स्तर के अधिकारी की नियुक्ति को लेकर साक्षात्कार आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि एचपीबीडीआईएल राज्य सरकार द्वारा दिनांक 24/7/2024 को अधिसूचित नियमों/शर्तों पर 2 साल की प्रारंभिक अवधि के लिए सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों को नियुक्त करने जा रहा है। आज की बैठक में, एक्सईएन सिविल के पद के लिए 3 अधिकारियों और नायब तहसीलदार के पद के लिए 2 सेवानिवृत्त अधिकारियों का साक्षात्कार लिया गया। इंटरव्यू का एक और राउंड 5 अगस्त को तय किया गया है। इस बैठक में अतिरिक्त सीईओ (एचपीबीडीआईएल) तिलक राज शर्मा, एसई पीडब्ल्यूडी हमीरपुर संजय कुमार सोनी, एसडीएम हरोली राजीव कुमार, वित्तीय सलाहकार (एचपीबीडीआईएल) मनोज शर्मा, संयुक्त निदेशक (इंड) डीआईसी ऊना अंशुल धीमान शामिल थे। वरिष्ठ प्रबंधक एचपीएसआईडीसी विक्रम जीत, प्रबंधक डीआईसी ऊना अखिल शर्मा उपस्थित थे।



