सुक्खू को भाजपा में दिखे 5 गुट, जयराम बोले: अपनों से ही घिरे हैं मुख्यमंत्री

0

चुनावी वर्ष की दहलीज पर खड़े हिमाचल प्रदेश में सियासी पारा चढ़ने लगा है। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा ने एक-दूसरे की घेराबंदी शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सबसे बड़ा सियासी हथियार गुटबाजी का आरोप बन गया है। कुल मिलाकर हिमाचल में पक्ष और विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने अपनी-अपनी राजनीतिक तोपें निकाल ली हैं और आने वाले दिनों में यह सियासी घमासान और भी रोचक होने वाला है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ सीएम सुक्खू भाजपा को पांच गुटों में बंटा हुआ बता रहे हैं, तो वहीं जयराम ठाकुर का दावा है कि मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी की अंतर्कलह और मनमानी से विचलित हैं। नई सियासी रणनीति के तहत विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस लाएगी श्वेत पत्र, तो भाजपा ने तैयार की चार्जशीट कमेटी।

सीएम सुक्खू का तंज: पांच धड़ों में बंटी है भाजपा, नहीं दे सकती चुनौती

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा के भीतर और बाहर, दोनों जगह भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सीएम का दावा है कि भाजपा के भीतर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे पांच गुट सक्रिय हैं, जो लगातार एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं। सुक्खू ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसी गुटबाजी वाली पार्टी आगामी चुनावों में कांग्रेस के सामने कोई चुनौती पेश नहीं कर सकती। सीएम ने अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि व्यवस्था परिवर्तन से प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। केंद्र से आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) और जीएसटी कंपनसेशन बंद होने के बावजूद सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को वित्तीय अदायगी में कोई कमी नहीं आने दी है।

जयराम का पलटवार: अपनी नाकामी और गुटबाजी से बौखलाए हैं सीएम

शिमला जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में मिली जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री वर्तमान सियासी हालात और अपनी ही पार्टी की गुटबाजी से बुरी तरह विचलित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम सुक्खू की तानाशाही और मनमानी से कांग्रेस के मंत्री और विधायक दोनों ही परेशान हैं। संगठन स्तर पर भी कांग्रेस में भारी नाराजगी है, जिसे छिपाने के लिए सीएम भाजपा पर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here