प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) के क्रमिक अनशन के बीच राज्य सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में तैनात जेबीटी शिक्षकों के युक्तिकरण को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से इसकी तैयारी में जुटा शिक्षा विभाग अब युक्तिकरण की प्रक्रिया को धरातल पर उतारने जा रहा है। प्रदेश में करीब 3209 प्राथमिक स्कूलों में एक-एक शिक्षक ही तैनात है। इनमें कई स्कूल ऐसे हैं जहां विद्यार्थियों की संख्या 20 से 25 के बीच भी है। जबकि दूसरी ओर कई ऐसे स्कूल भी हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या महज 10 से 12 है और वहां दो-दो शिक्षक तैनात हैं। ऐसे में अब कम छात्र संख्या वाले स्कूलों से शिक्षकों को अधिक जरूरत वाले स्कूलों में भेजने की कवायद होगी।
युक्तिकरण की इस प्रक्रिया के तहत हजारों शिक्षकों को बदला जाना तय है। बीते दिनों शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस पर चर्चा हुई थी। सरकार ने अब इसे सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जेबीटी का जिला कैडर होता है। उप निदेशक ही शिक्षकों का युक्तिकरण करेंगे। इसमें स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता और स्वीकृत पदों समेत अन्य मानकों को आधार बनाया जाएगा। सबसे अधिक जोर उन स्कूलों पर रहेगा, जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के बावजूद एक ही शिक्षक सेवाएं दे रहा है।
भर्ती के साथ युक्तिकरण की दोहरी कवायद
शिक्षा विभाग ने जेबीटी शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बैचवाइज और सीधी भर्ती के माध्यम से जेबीटी की नियुक्तियां करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच विभाग अब युक्तिकरण भी शुरू करने जा रहा है। यानी एक तरफ नए जेबीटी शिक्षकों की भर्ती कर स्कूलों में रिक्तियां भरी जाएंगी, वहीं दूसरी तरफ मौजूदा शिक्षकों का जरूरत के मुताबिक पुनर्वितरण किया जाएगा।
कहीं एक शिक्षक, कहीं दो-दो शिक्षक
विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती शिक्षकों के असमान वितरण की है। प्रदेश के करीब 3209 प्राथमिक स्कूल ऐसे हैं, जहां एक ही शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल चल रहा है। ऐसे स्कूलों में शिक्षक को एक साथ कई कक्षाओं को पढ़ाने के साथ-साथ स्कूल की अन्य जिम्मेदारियां भी संभालनी पड़ती हैं।
पीटीएफ के आंदोलन के बीच फैसला
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब प्राथमिक शिक्षक संघ युक्तिकरण के विरोध में क्रमिक अनशन कर रहा है। सरकार की मंजूरी के बाद युक्तिकरण को लेकर शिक्षक संघ और सरकार के बीच खींचतान और तेज होने के आसार हैं।



