मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान पर शिमला विंटर कार्निवल का शुभांरभ करते हुए कहा कि शिमला में विंटर कार्निवल का आयोजन पहली बार किया जा रहा है और इससे शहर के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि शिमला विंटर कार्निवल 5 जनवरी तक चलेगा तथा इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई।
इस दौरान लगभग 450 महिलाओं ने महानाटी प्रस्तुत की, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून के दौरान बहुत नुकसान हुआ तथा पर्यटन क्षेत्र भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ था। आपदा के दौरान प्रदेश सरकार ने दिन-रात मेहनत की तथा अब हिमाचल प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं।