मोदी ने बदली देश की राजनीति की संस्कृति: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि देश घुसपैठियों के सहारे नहीं चलेगा। नड्डा ने शनिवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने पूरे देश को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि विरोधी पार्टियां चाहे जितनी मर्जी यात्राएं निकाल ले लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जीत के बाद अब भाजपा बंगाल और हिमाचल में भी जीत का झंडा गाड़ेगी। उन्होंने कहा कि बीते 11 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की संस्कृति ही बदल दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए बार-बार देश भर के राज्यों में सरकारें बना रही है क्योंकि भाजपा विकास की राजनीति करती है।
जगत प्रकाश नड्डा ने बिहार की जीत को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बिहार की जनता का अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि बिहार में सभी वर्गों ने भाजपा और एनडीए को एक तरफा जीत दिलाकर उन लोगों को स्पष्ट संदेश दे दिया है जो देश को घुसपैठियों के सहारे चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने मोदी के नेतृत्व और नीतीश कुमार के सुशासन को वोट दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 11 साल पहले देश में सरकार तो यूपीए के नेतृत्व में बनती थी और सभी दलों को साथ लिया जाता था लेकिन सत्ता में आते ही सरकार पर एक परिवार, एक मजहब, एक व्यक्ति और एक जाति का कब्जा हो जाता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संस्कृति को बदल दिया है। भाजपा विकसित भारत की संस्कृति को लेकर चल रही है। यही कारण है कि भाजपा बार-बार देश के अलग-अलग राज्यों में सरकारें बना रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जिम्मेदार सरकार है और भाजपा की सरकार रिपोर्ट कार्ड की सरकार है। भाजपा जो कहती है वह करती है जबकि यूपीए सरकार ध्रुवीकरण की राजनीति करती थी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जवाबदेह सरकार है।
नड्डा ने कहा कि आज सारी राजनीतिक पार्टियों सत्ता की लोलुपता में डूबी हुई है और उन्हें सिर्फ पावर चाहिए। इसके विपरीत भाजपा एक विचारधारा वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की सत्ता हासिल करने के लिए बीते लोकसभा चुनाव में अपनी विचारधारा से 180 डिग्री पर घूम गई लेकिन उसे देश की जनता ने स्वीकार नहीं किया। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि 500 साल बाद देश में राम मंदिर के निर्माण के बाद अब केंद्र सरकार बिहार के सीतामढ़ी में 890 करोड रुपए की लागत से माता सीता का मंदिर बनाएगी।

नड्डा ने केंद्र की मोदी सरकार को कड़े फैसले लेने वाली सरकार करार दिया और कहा कि दुनिया किसी भी मुस्लिम देश में तीन तलाक नहीं है लेकिन भारत जो धर्मनिरपेक्ष देश है उसमें अभी तक तीन तलाक की प्रथा चल रही थी जिसे मोदी सरकार ने बंद किया है। उन्होंने वक्फ बोर्ड में किए गए सुधार को मुसलमानों के हित में करार दिया। नड्डा ने यह भी कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा से पीछे नहीं हटती। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1952 में कश्मीर में धारा 370 का विरोध किया था और भाजपा ने सत्ता में आने पर इसे हटाकर दिखा दिया।



