सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन शहर में रविवार को उस शख्सियत को खो दिया है। जिसने अपना संपूर्ण जीवन कानून और व्यवस्था की सेवा को समर्पित कर दिया था। हिमाचल पुलिस में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे 84 वर्षीय कंवर गोविंद सिंह के निधन से पुलिस परिवार के साथ-साथ निजी परिवार और नागरिकों में गहरे शोक की लहर है। उनकी मृत्यु सेवा और समर्पण के एक युग का दुखद अंत है। दिवंगत कंवर गोविंद सिंह का जन्म 1941 में हुआ था। वह नाहन के ही निवासी थे और वर्ष 1998 में उन्होंने पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति प्राप्त की थी। अपने बेदाग और सुदीर्घ कार्यकाल में, उन्होंने अदम्य साहस और ईमानदारी के साथ अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
उनके प्रमुख कार्यकाल में प्रवर्तन अधिकारी, डीएसपी ठियोग, डीएसपी रोहड़ू, चौपाल, थाना प्रभारी (एसएचओ) सदर शिमला, और थाना प्रभारी सोलन जैसे पद शामिल रहे। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान में उन्हें पुलिस पदक से भी अलंकृत किया गया था। उन्होंने 11 वर्षों तक हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मार्शल के पद पर अपनी सेवाएँ थी। कंवर गोविंद सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। दिवंगत सिंह पारिवारिक जीवन में भी प्रेरणा का पुंज थे। अपने पीछे में दो बेटों और एक बेटी का परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र ऋषिराज सिंह वर्तमान में महानिरीक्षक (डीआईजी) आईटीबीपी के पद पर सेवारत हैं, जबकि छोटे पुत्र अमित राज सिंह अधिवक्ता हैं। उनकी पुत्री अर्शी सिंह है।
रविवार को नाहन स्थित उनके पैतृक निवास के मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। इस शोकपूर्ण अवसर पर पुलिस अधिकारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम यात्रा के दौरान पुलिस बल द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई और सलामी दी गई। दिवंगत कंवर गोविंद सिंह का स्वभाव, कर्मठ व्यक्तित्व और अटूट निष्ठा सदैव पुलिस परिवार और नाहन की जनता के स्मृति पटल पर अक्षय रहेगी।