– रिज मैदान पर 1.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा- राजभवन से निकलकर सुक्खू ओक ओवर में निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे
– सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला राजभवन में 8.40 बजे तक रहे
कांग्रेस की ओर से कांग्रेस विधायक दल के चुने गए नेता सुखविंद्र सिंह सुक्खू रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। रिज मैदान पर आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में मुकेश अग्निहोत्री को उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। राजभवन की ओर से शपथ ग्रहण के संबंध में आधिकारिक तौर पर जानकारी दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर डेढ़ बजे आयोजित होगा।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कांग्रेस विधायक दल की ओर से नेता के चयन को लेकर औपचारिक पत्र प्राप्त होने के बाद शपथ ग्रहण के निर्देश जारी किए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह साढे सात बजे राजभवन पहुंचे। जहां पर उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। कांग्रेस की ओर से सुखविंद्र सिंह सुक्खू का नाम मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री का उप-मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया गया।
कांग्रेस के सभी नेता राज भवन में 8.40 बजे तक रहे। उसके बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने वाले सुखविंद्र सिंह सुक्खू ओक ओवर में निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने के लिए पहुंचे। सुक्खू के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ल भी मौजूद रहे। करीब बीस मिनट तक जयराम ठाकुर से मुलाकात करने के बाद सुक्खू और अन्य नेता लौट आए।