श्री भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एसजेवीएन ने बताया कि एसजेवीएन ने शिमला स्थित कारपोरेट मुख्यालय में अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहले न केवल संगठन में संवेदना और सामाजिक दायित्व की संस्कृति को सुदृढ़ करती हैं, अपितु स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सहयोग देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन श्री अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक) द्वारा श्री पार्थजीत डे, निदेशक (वित्त), श्री पंकज पोरवाल, मुख्य सतर्कता अधिकारी और एसजेवीएन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर श्री अजय कुमार शर्मा द्वारा कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित स्वैच्छिक सेवा भावना की सराहना की गई। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एसजेवीएन ऐसी और इस प्रकार की और अधिक गतिविधियों के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज में सार्थक योगदान देती हैं और दूसरों को भी इस पुनीत कार्य में शामिल होने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर श्री अजय कुमार शर्मा और उनकी धर्मपत्नी, श्रीमती शैली शर्मा, संरक्षिका, सतलुज श्री लेडीज़ क्लब, शिमला ने रक्तदान किया।
श्री पार्थजीत डे ने स्वैच्छिक रक्तदाताओं की सराहना की और इस बात पर बल दिया कि रक्तदान जीवन बचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के शिविरों का नियमित आयोजन स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने में सहयोग के साथ-साथ कर्मचारियों के मध्य एकता एवं मानवीय मूल्यों की भावना को भी बढ़ावा देता है।
इस शिविर के दौरान, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सतलुज श्री लेडीज़ क्लब (शिमला) और कारपोरेट मुख्यालय,शिमला में तैनात संविदारत कर्मचारियों द्वारा इस जीवन-रक्षक कार्य के लिए पूरे उत्साह के साथ स्वेच्छा से 200 से अधिक यूनिट का रक्तदान किया गया। श्री अजय कुमार शर्मा और श्रीमती शैली शर्मा, श्री पार्थजीत डे और श्रीमती श्रीपर्णा डे तथा श्री पंकज पोरवाल द्वारा इस जीवन-रक्षक कार्य में उनके निस्वार्थ योगदान की सराहना करते हुए सम्मान स्वरूप सभी रक्तदाताओं को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए ।
रक्तदान शिविर का आयोजन इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला के आईएच एंड ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सहयोग से किया गया। शिविर में आईजीएमसी के चिकित्सा अधिकारी, अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

