राजधानी शिमला के संजौली में मस्जिद के अवैध निर्माण पर नगर निगम प्रशासन सोमवार को निर्णय ले सकता है। विवाद के बाद मस्जिद निर्माण कमेटी और वक्फ बोर्ड ने निगम आयुक्त से अवैध हिस्से को सील करने या तोड़ने की अनुमति मांगी है। निगम प्रशासन की ओर से इसके लिए जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। संजौली मे्ं 2010 से मस्जिद का निर्माण किया जा रहा है। इस पांच मंजिला मस्जिद की तीन मंजिल अवैध तरीके से बनाई गई हैं, जिन्हें हिंदू संगठन तोड़ने की मांग कर रहे हैं। मामला नगर निगम आयुक्त कोर्ट में विचाराधीन है, इस पर पांच अक्टूबर को सुनवाई होनी है।
मंडी: शहर की जेल रोड पर स्थित मस्जिद के अवैध ढांचे को गिराने का कार्य मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रविवार को भी जारी रखा। मस्जिद का 60 वर्गमीटर का क्षेत्र, जिसमें सुरक्षा दीवार व शौचालय का हिस्सा लोक निर्माण विभाग की जमीन पर है। अवैध कब्जा सामने आने पर समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन से एक दिन पहले ही सुरक्षा दीवार को गिराने का कार्य आरंभ कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार को हुए हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मस्जिद को सील कर दिया है। अवैध ढांचे को 30 दिन में गिराने के आदेश आयुक्त कोर्ट ने दिए हैं।