मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर प्रदेश के अधिकारी, कर्मचारी व पेंशनरों को 3 फीसदी डीए देने की घोषणा की है। इससे प्रदेश के कर्मचारियों को न्यूनतम 800 रुपए प्रतिमाह तथा उच्च स्तर पर बैठे मुख्य सचिव को मासिक 8 हजार रुपए प्रतिमाह का लाभ होगा। इस घोषणा से सरकारी विभागों में 183328 कर्मचारी कार्यरत और 178655 पेंशनरों को लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष, 2025-26 के बजट में और उसके बाद पांगी में आयोजित पूर्ण राज्यत्व दिवस पर 15 मई, 2025 को 3 फीसदी डीए देने की घोषणा की थी। लेकिन प्रतिकूल वित्तीय हालात के चलते अब इसे दीपावली से देने की घोषणा की है। डीए के भुगतान से सरकारी कोष पर 450 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा, जिसमें से 225 करोड़ रुपए बकाया एरियर है। इस तरह 3 फीसदी डीए की घोषणा के बाद सरकार को अभी भी 13 फीसदी डीए देना बकाया है। प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से डीए मिलने का इंतजार कर रहे थे। प्रदेश के कर्मचारियों को मिलने वाला कुल डीए 45 प्रतिशत और केंद्रीय कर्मचारियों को 58 प्रतिशत पहुंच चुका है।
किस तरह मिलेगा डीए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कर्मचारी व पेंशनरों को 3 फीसदी डीए का भुगतान अक्टूबर माह के वेतन व पेंशन के साथ नवंबर महीने में किया जाएगा। डीए का भुगतान 1 अप्रैल, 2025 से डीए का भुगतान होगा। जिसकी बकाया राशि का दीपावली से पहले बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी। जुलाई, 2023 से मार्च, 2025 की बकाया राशि को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
डीए को लेकर मौजूदा स्थिति
जुलाई, 2023 व जनवरी, 2024 का क्रमश: 4-4 फीसदी डीए लंबित पड़ा है। जुलाई, 2024 का 3 फीसदी, जनवरी, 2025 का 2 फीसदी व जुलाई का 3 फीसदी डीए कर्मचारियों व पेंशनरों को प्राप्त होना है। इसमें से 3 फीसदी डीए के भुगतान को लेकर आदेश जारी हुए हैं।
सचिवालय कर्मचारी व कर्मचारी महासंघ ने जताई प्रसन्नता
हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के तीन गुटों के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर, प्रदीप ठाकुर व विनोद कुमार ने इस निर्णय का स्वागत किया है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 3 फीसदी डीए मिलने से कर्मचारी-पैंशनर खुशी से त्योहार मना सकेंगे।