-इंतकाल के 50 हजार रुपये मांगे जाने का आरोप, 13 हजार दे दिए थे पहले
विजिलेंस की टीम ने धामी सर्कल के कानूनगो हरीश कुमार शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत विजिलेंस थाना शिमला में मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस थाना शिमला में दर्ज किए गए मामले के अनुसार शिकायतकर्ता रमेश चंद ने आरोप लगाया है कि उसने अपने दो बेटों अमित शर्मा और सुमित शर्मा के नाम पर हरिदास से एक बीघा जमीन खरीदी।
इस भूमि का इंतकाल उनके बेटों के पक्ष में 28.02.2024 को उपतहसील धामी में दर्ज किया गया था। लेकिन शिकायतकर्ता को कोई भी संबंधित दस्तावेज नहीं मिला और कानूनगो शिकायतकर्ता से रिश्वत के रूप में 50000 रुपये की मांग कर रहा था। वह पहले ही 8000 रुपये नकद और 5000 रुपये गुगल पे के माध्यम से ले चुका था। अमित शर्मा शिकायतकर्ता से रिश्वत के रूप में 37,000 रुपये की मांग कर रहा था। आरोपी कानूनगो को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है।



