विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हो चुके हैं 19 नोटिस
तपोवन में आयोजित होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रदेश सरकार को बेरोजगारी समस्या के समाधान का तर्कसंगत जवाब देना होगा। इसके साथ-साथ सरकारी क्षेत्र में आउटसोर्स सेवा प्रणाली की स्थिति पर भी विपक्ष के साथ-साथ सेवारत कर्मियों को संतुष्ट करना होगा। विधानसभा सचिवालय को 19 नोटिस प्राप्त हो चुके हैं। जिनमें बेरोजगारी की स्थिति, आउटसोर्स कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के साथ-साथ प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में शुरू की गई रोबोटिक सर्जरी से लाभांवित हो रहे मरीजों की संख्या का उल्लेख करना होगा। प्रदेश में आपदा से हुए नुकसान और राहत कार्याें व पंचायत चुनाव पर विपक्षी भाजपा का सामना करना पड़ेगा। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए प्रश्न देने का आज अंतिम दिन था और सचिवालय के पास 633 प्रश्न प्राप्त हुए हैं।
कांग्रेस धर्मशाला परिधि गृह में रणनीति बनाएगी
सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार धर्मशाला स्थित परिधि गृह में रणनीति बनाएगी। कांग्रेस विधायक दल की बैठक 25 नवंबर को बनाई जाएगी। विधानसभा सत्र के एक दिन पहले तपोवन परिसर में सर्वदलीय बैठक का आयोजन होगा। सत्र के दौरान आयोजित होने वाली आठ बैठकों में दोनों ओर से भारी हंगामा होने के आसार हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के तेवरों को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्पष्ट कर चुके हैं कि हमारी ओर से भी भाजपा को पलटकर जवाब देने के लिए विधायक तैयार बैठे हैं।



