सोलन–चंबा में क्या चल रहा, पहले भाजपा अपनी पार्टी की नैतिकता देखें: सीएम सुक्खू

0
भ्रष्टाचार के ‘चोर दरवाजे’ बंद कर आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में आगे बढ़ी सरकार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नैतिकता का पाठ पढ़ाने से पहले भाजपा नेताओं को सोलन और चंबा में अपनी ही पार्टी की स्थिति पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, जिसका असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में साफ दिख रहा है। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री सुक्खू ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी खजाने को चोर दरवाजों से लूटा गया, जबकि मौजूदा सरकार ने इन व्यवस्थाओं पर सख्त नकेल कसकर राजकोष को मजबूत किया है।
सभी मेडिकल कॉलेजों का अलग कॉडर—IGMC के डॉक्टर जाएंगे फील्ड में
सरकार ने बड़ा परिवर्तन करते हुए सभी मेडिकल कॉलेजों का कॉडर अलग कर दिया है। अब डीएमई (निदेशक चिकित्सा शिक्षा) और स्वास्थ्य निदेशालय के लिए अलग-अलग कॉडर होगा। इस बदलाव से IGMC शिमला में तैनात वे डॉक्टर, जो स्वास्थ्य निदेशालय के अंतर्गत आते हैं, अब पीएचसी, सीएचसी, जिला और जोनल अस्पतालों में सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज के 28 डॉक्टरों को मंडी जिले में ही तैनात किया गया है ताकि स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा सके।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज पर भाजपा फैला रही भ्रम
सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा नेरचौक मेडिकल कॉलेज को लेकर लोगों में गलत धारणाएं फैला रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन डिस्पेंसरियों में डॉक्टर नहीं थे, वहां तैनाती कर स्वास्थ्य ढांचा मजबूत किया जा रहा है।
“सरकार का लक्ष्य नेरचौक सहित सभी मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त स्टाफ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है,” उन्होंने कहा।
भाजपा सरकार का कर्ज चुकाने को मजबूर मौजूदा सरकार
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार लगातार आर्थिक सुधार के प्रयास कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा लिए गए लगभग 75 हजार करोड़ रुपये के कर्ज ने प्रदेश की आर्थिक रीढ़ को तोड़ दिया था। “हम उस कर्ज को चुकाने के लिए ही नया कर्ज लेने को मजबूर हो रहे हैं,” उन्होंने कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here