रिज मैदान पर सजेगी महिला उद्यमियों की सफलता, एमएसएमई उत्पादों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी

0

प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी महिला आंत्रप्रेन्योर को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार बड़ा मंच देने जा रही है। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 3 से 5 जनवरी तक महिला उद्यमियों के उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में 50 स्टाल लगाए जाएंगे, जहां प्रदेशभर की महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों की शोकेसिंग की जाएगी। इस संबंध में मंगलवार को सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) आरडी नजीम की अध्यक्षता में उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि एमएसएमई के तहत आने वाले महिला उद्योगों को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वे अपने उत्पादों को बड़े उपभोक्ता वर्ग तक पहुंचा सकें। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि बुधवार को आयोजन की पूरी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। आयोजन स्थल को लेकर रिज मैदान और पीटरहाफ पर विचार किया गया, हालांकि रिज मैदान पर आयोजन की संभावना अधिक जताई जा रही है।

यह पहल न केवल महिला उद्यमियों को विपणन का अवसर देगी, बल्कि युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को भी उद्यमिता की ओर प्रेरित करेगी। सरकार का लक्ष्य इस मंच के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

यह प्रदर्शनी “एक जिला–एक उत्पाद” (ओडीओपी) की अवधारणा के तहत प्रायोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले की विशिष्ट पहचान वाले उत्पादों को एक मंच पर लाना और उन्हें बाजार से जोड़ना है। प्रदर्शनी में हथकरघा, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक उत्पाद, पारंपरिक परिधान, सजावटी सामग्री सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को शामिल किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here