-मेडिकल कालेजों की आरडीए एसोसिएशन काले बिल्ले लगाकर जताएगी विरोध, उतर सकती पेन डाउन स्ट्राइक में
-प्रदेश के सभी अस्पतालों में सुबह 9.30 बजे से 12 बजे तक रहेगी पेन डाउन स्ट्राइक
हिमाचल प्रदेश के हड़ताली चिकित्सकों की मांगों को लेकर देश भर की चिकित्सक संघ उनके पक्ष में आ गए हैं। संघ ने स्पष्ट कहा है कि यदि संघ के किसी भी सदस्य के विरुद्ध कोई भी कदम उठाया गया तो देश भर की सभी एसोसिएशंस एक साथ उतरने को तैयार हैं। उन्होंने प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ को पत्र लिखकर समर्थन किया है और हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया है। उधर प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों की आरडीए यानी रेजीडेंट डाक्टर एसोसिएशन ने सोमवार से काले बिल्ले लगाकर उनकी मांगों का समर्थन करने का निर्णय लिया है। यही नहीं मांगे न माने जाने पर पेन डाउन स्ट्राइक पर उनके पक्ष में जाने का एलान किया है। ऐसे में अस्पतालों के बाद मेडिकल कालेजों में भी काम ठप्प हो सकता है। प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिख मांगे जल्द माने जाने की मांग की है। उधर अखिल भारतीय चिकित्सा अधिकारी महासंघ ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर मांगों को जायज बताया है।
हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ की बैठक संघ के अध्यक्ष डा. राजेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में संघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य, सभी ज़िलों के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न स्वास्थ्य खंडों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने कहा है कि यह एक ऐतिहासिक एवं अब तक का सबसे लंबा संघर्ष है। संघ ने हिमाचल प्रदेश की सभी फैकल्टी एसोसिएशंस, हिमाचल की सभी रेजीडेंट एसोसिएशंस का आभारी जताया है जो उन्होंने संघ की मांगों के प्रति एकजुट समर्थन प्रदान किया। देश भर की सभी मेडिकल एसोसिएशंस हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ के साथ खड़ी है और संघ का मनोबल बढ़ा रही है।
इस संदर्भ में आल इंडिया फेडरेशन आफ गवर्नमेंट डाक्टर्स एसोसिएशन, पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज डाक्टर्स एसोसिएशन, सर्विस डाक्टर फोरम वेस्ट बंगाल, एसोसिएशन ऑफ हेल्थ सर्विसेज वेस्ट बंगाल, आल इंडिया सर्विस डॉक्टर्स फोरम, हरियाणा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और देश भर की विभिन्न डॉक्टर्स एसोसिएशंस हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ के साथ कंधे से कंधा मिलर खड़ी हैं। संघ ने कहा है कि उनके आंदोलन को दबाने के लिए अफसर शाही विभिन्न हथकंडे अपना रही है।