नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के इतने ही विधायक जीतकर आएंगे कि वे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ऑल्टो कार में आराम से बैठ जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में कांग्रेस बोलेरो में फिट हुई तो हिमाचल में वह ऑल्टो में समा जाएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता अब सब देख और समझ चुकी है। अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया होना तय है। “जनता कांग्रेस को इस बार ऑल्टो कार में फिट कर देगी, दूर-दूर तक कांग्रेस दिखाई नहीं देगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार का तीन साल का जश्न सरकार के गले नहीं उतर रहा। प्रदेश अभी भी आपदा से उबर नहीं पाया है, डिजास्टर एक्ट के चलते पंचायत चुनाव तक स्थगित करने की तैयारी है, और ऐसे माहौल में जश्न मनाना जनता के साथ मजाक जैसा है।
“कांग्रेस बताए एक योजना जिसने जनता के जीवन को छुआ हो”
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए चुनौती दी कि कांग्रेस अपने तीन साल के कार्यकाल में एक भी ऐसी योजना का नाम बताए, जिसकी चर्चा जनता के बीच हो या जिसके दस-पांच हजार लाभार्थी भी बने हों। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय हिम केयर, सहारा, स्वावलंबन, गृहिणी सुविधा, शगुन और जन मंच जैसी योजनाएं जनता की जरूरतों के अनुरूप थीं और लाखों लोगों को उनका लाभ मिला। लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही इन योजनाओं को बंद कर दिया या उन्हें निष्प्रभावी कर दिया। जयराम ने कहा हिम केयर के पैसे नहीं मिल रहे। गृहिणी सुविधा योजना में गैस नहीं मिल रही। सहारा व शगुन योजना जमीन पर दिखाई ही नहीं दे रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की वित्तीय हालत चरमराई हुई है, 10 हजार से अधिक के भुगतान ट्रेजरी में अटके पड़े हैं। सैलरी-पेंशन समय पर नहीं मिल रही, मेडिकल रिइंबर्समेंट के लिए बुजुर्ग चक्कर काट रहे हैं।

सड़कें टूटी, सेवाएं बदहाल: जयराम के निशाने पर सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत बेहाल है। “हर सड़क पर सिर्फ गड्ढे दिखते हैं, सरकार सिर्फ जश्न में व्यस्त है,” उन्होंने तंज कसा। उन्होंने कहा कि 15,000 से अधिक युवाओं को नौकरी से निकाला जा चुका है और आउटसोर्स कर्मचारियों पर लगातार गाज गिर रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को झूठी गारंटियों पर वोट दिया था, लेकिन अब लोगों को समझ आ चुका है कि सरकार सिर्फ घोषणाओं में व्यस्त है, काम कहीं नहीं दिख रहा।



