मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला जिला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के नेरवा में 175 करोड़ रुपये लागत की 30 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के उपलक्ष्य में महाविद्यालय मैदान नेरवा में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया जा रहा है, जो इसे अन्य कार्यक्रमों से अलग बनाता है, जिनमें राजनैतिक नेताओं का महिमा मण्डन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन 75 वर्षों के दौरान प्रदेश का नेतृत्व सक्षम नेताओं द्वारा किया गया है, जिन्होंने प्रदेश को आकार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेहनतकश लोगों ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान अदा किया है, उन्होंने हिमाचल को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि गत 75 वर्षों के दौरान प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है और इसका श्रेय राज्य के सक्षम नेतृत्व और मेहनती कर्मचारियों, किसानों, युवाओं और आम जनता को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गठन के समय साक्षरता दर केवल 4.8 प्रतिशत थी, जबकि वर्तमान में यह 83 प्रतिशत हो गई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में प्रदेश में 288 किलोमीटर लम्बी सड़कें थीं और वर्तमान में लगभग 40 हजार किलोमीटर सड़कों का जाल है। वर्ष 1948 में 88 स्वास्थ्य संस्थान थे, जो आज बढ़कर 4,320 हो गए हैं। प्रदेश के गठन के समय केवल 301 शैक्षणिक संस्थान थे, जबकि वर्तमान में इनकी संख्या 16124 हो गई है।