सुक्खू सरकार से विधायकों व जनता का मोहभंग – जयराम ठाकुर

0

पहले दिन से बदले की भावना से काम करने के नतीजे सामने आने लगे

बोले, सरकार बचाने के लिए मुख्यमंत्री अब विधानसभा अध्यक्ष का ले रहें सहारा

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश की सुक्खू सरकार से 15 माह में जनता और विधायकों का मोहभंग हो गया है। पूरे प्रदेश में सरकार के विरुद्ध निराशाजनक वातावरण बना हुआ है। निश्चित रूप से इसका लाभ भाजपा को लोकसभा व उप चुनाव में होगा। मंडी में मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार देखा गया है कि किसी नई नवेली सरकार के विरुद्ध इतनी जल्दी जनआक्रोश बढ़ा है।

पहले दिन से बदले की भावना से काम करना शुरू किया। 1000 संस्थान बिना सोचे समझे बंद कर दिए। इसका पूरे प्रदेश में असर हुआ। चंबा के मनोहर हत्याकांड से कानून व्यवस्था का सबने नमूना देख लिया। अब जब जनता के काम नहीं हुए तो लोगों ने अपने विधायकों को पूछना शुरू किया। विधायकों के बजाय मित्रों के काम होने लगे तो यहां विधायकों में भी नाराजगी फैलती गई। अब तो मंत्रियों के भी काम नहीं हो रहे थे। एक मंत्री सार्वजनिक तौर पर अपनी नाराजगी जता इस्तीफा तक दे डाला था। रोते हुए जनता के सामने अपनी मजबूरी बताई थी। यही नहीं कैबिनेट से रोते हुए मंत्री बाहर आते देखे गए। इसके बाद राज्यसभा चुनाव से उपजी परिस्थिति से विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनीं और आज नौ विधायक भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि यह सामान्य परिस्थिति नहीं है।

सरकार एक माह पहले ही बहुमत खो चुकी है। सरकार बचाने के लिए मुख्यमंत्री विधानसभा अध्यक्ष का सहारा ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए दिन रात काम में जुटी है। हमारे कार्यकर्ता पूरी मेहनत और लग्न के साथ प्रचार में लगे हुए हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस अभी प्रत्याशी तक तय नहीं कर पा रही है और नेता चुनाव से दूर भाग रहे हैं। जयराम ठाकुर ने देर शाम शास्त्रीय संगीत की विभूति पंडित देवकीनंदन के घर जाकर उनके निधन पर स्वजनों से अपनी संवेदना प्रकट की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here