-मतगणना होगी चार जून को
-चुनाव की घोषणा के साथ प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता हो गई लागू
-छह अयोग्य करार दिए गए विधायकों के विधानसभा के लिए भी चुनाव घोषित
हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों शिमला, कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर के लिए मतदान सातवें व आखिरी चरण में होगा। लोकसभा चुनाव के साथ ही प्रदेश की छह विधानसभा सीटों धर्मशाला, लाहुल स्पीति, सुजानपुर, बड़सर, गगरेट और कुटलैहड़ के लिए भी एक साथ एक जून को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। चुनावी बिगुल बजने के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में लोकसभा चुनाव के साथ उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों को प्रदेशे की दोनों सीटों के लिए उतारने होंगे।
लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए मतों की गणना चार जून को होगी। छह कांग्रेस विधायकों को अयोग्य करार देने के बाद उपचुनाव की घोषणा भारतीय चुनाव आयोग ने की है। अयोग्य करार दिए गए विधायकों ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है लेकिन उन्हें अभी तक कोई राहत नहीं मिली है और न ही कोई रोक लगी है। ऐसे में उपचुनाव का शेड्यूल जारी किया गया है।



