कांस्टेबल पेपर लीक में भारतीय रेलवे सेक्शन इंजीनियर के अलावा आठ अधिकारी व कर्मी बनाए आरोपित
-आरोपितों में रक्षा लेखा व लेखा परीक्षा के अधिकारी, चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल, दो पूर्व सैनिक बनाए आरोपित
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक मामले में सीबीआइ ने बिहार लक्की सराय के भरत कुमार यादव और नालंदा बिहार के अरविंद कुमार को आरोपित बनाने के अलावा आठ वर्तमान व सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मियों को आरोपित बनाया है। इनमें भारतीय रेलवे के सेक्शन इंजीनियर राजीव यादव, रक्षा लेखा व लेख परीक्षा से विरेंद्र सिंह, प्रदेश शिक्षा विभाग के तत्कालीन वरिष्ठ सहायक रमनदीप सिंह, चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल पविंदर , दिल्ली सरकार में लिपिक गौतम भारती, तीन भूतपूर्व सैनिकों राजेश कुमार, ओम प्रकाश व जितेंद्र सिंह को आरोपित बनाया है।

सीबीआई ने हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2022 के प्रश्न पत्रों के लीक मामले में कुल 88 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। इस मामले में कुछ और नामों को भी शामिल किया जाना है। सीबीआइ जांच के दौरान ये बात सामने आई कि 1.25 करोड़ के इस लेने देन में छह राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के लोग शामिल थे।



