छोटे राज्यों के हकों को दबाया नहीं जाना चाहिए: मुख्यमंत्री

0

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां एक निजी न्यूज चैनल के ‘मंच’ कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि छोटे राज्यों के हकों को दबाया नहीं जाना चाहिए और हिमाचल को उसके अधिकार मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के बावजूद बीबीएमबी में हिमाचल के हक नहीं मिल रहे हैं तथा पंजाब व हरियाणा को छोटे भाई हिमाचल का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किशाऊ जल विद्युत परियोजना में वाटर कम्पोनेंट आधार पर पावर कम्पोनेंट में 90ः10 केन्द्र तथा राज्य सरकार को फंड करने अथवा राज्य के हिस्से में सभी पावर कम्पोंनेट में 50 वर्ष तक ब्याजमुक्त ऋण सुविधा प्रदान करने का अनुरोध भी केन्द्र से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की सभी को खुशी है लेकिन इसे राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। भगवान राम सभी के आराध्य हैं और सरकारें उनके आदर्शों पर चलें। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पर केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी की, जबकि प्रदेश सरकार ने सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में पूरे दिन का अवकाश घोषित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार लंबित राजस्व मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के लिए प्रदेश भर में राजस्व लोक अदालतों का आयोजन कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही जन समस्याओं के निवारण के लिए ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आरंभ किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here