मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार सायं शिमला के 9वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का शुभारम्भ किया। इस फिल्मोत्सव में 20 देशों और भारत के 22 राज्यों के फिल्म निर्माता भाग ले रहे हैं। 24 सितम्बर तक चलने वाले इस महोत्सव में संयुक्त राज्य अमेरिका, बेल्जियम, ईरान, कनाडा, चीन, चेक गणराज्य, तुर्की, नेपाल, मिस्र, बांग्लादेश, इटली, पोलैंड, अर्जेंटीना, स्वीडन, अफगानिस्तान, आस्ट्रेलिया, फ्रांस और दुबई के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों को प्रदर्शित करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव 20 देशों और पूरे भारत की संस्कृति, मूल्यों और कला का समागम है। उन्होंने कहा कि समाज को प्रतिबिम्बित करने में फिल्मों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्हें जब अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय मिलता है तो वह अवश्य फिल्में देखते हैं।
उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन की व्यस्ताओं में फिल्में मनोरंजन उपलब्ध करवाने का एक साधन है। उन्होंने सिनेमा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि फिल्में एक दर्पण के रूप में कार्य करती हैं, जो समाज की विविधता, संस्कृति और मुद्दों को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में पहाड़ी भाषा और क्षेत्रीय फिल्मों को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रयासरत है।