– प्रतिष्ठित आईसीआई-अल्ट्राटेक स्ट्रक्चर अवार्ड्स-2026 में सर्वश्रेष्ठ अवसंरचना परियोजना बनी
– 1,717 मीटर की ऊंचाई तक सतलुज का पानी पहुंचाकर रचा इतिहास
राजधानी शिमला की दशकों पुरानी पेयजल किल्लत को जड़ से खत्म करने वाली महत्वाकांक्षी शिमला बल्क वाटर सप्लाई योजना (42 एमएलडी) ने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है। दुर्गम पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों में उत्कृष्ट निर्माण और तकनीकी दक्षता के लिए इस परियोजना के निर्माता संयुक्त उपक्रम एलसीसी-साई-केएसआईपीएल को प्रतिष्ठित आईसीआई–अल्ट्राटेक स्ट्रक्चर अवार्ड्स-2026 से नवाजा गया है। परियोजना को सर्वश्रेष्ठ अवसंरचना परियोजना श्रेणी में यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
भारतीय कंक्रीट संस्थान (आइसीआइ) के शिमला केंद्र द्वारा अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के सहयोग से 13 नवंबर को शिमला में आयोजित भव्य समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव डा. प्रबोध सक्सेना (आईएएस) ने बतौर मुख्य अतिथि यह पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में साई इटरनल फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य राज कुमार वर्मा तथा संयुक्त उपक्रम की ओर से अजय ठाकुर व मुनीश शर्मा ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस संयुक्त उपक्रम में मैसर्स एलसीसी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, साई इटरनल फाउंडेशन और मैसर्स कुनाल स्ट्रक्चर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के लिए विश्व बैंक के वित्तीय सहयोग से तैयार की गई इस परियोजना की स्वीकृत अनुबंध राशि 371.56 करोड़ रुपये है। प्रारंभिक रूप से 42 एमएलडी क्षमता के साथ तैयार की गई इस योजना में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे 67.63 एमएलडी तक बढ़ाने का प्रावधान भी रखा गया है। इसका मुख्य लक्ष्य वर्ष 2035 और 2050 तक शिमला शहर की अनुमानित पेयजल मांग को पूरा करना और शहरवासियों को 24 घंटे विश्वसनीय पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
हिमालय की खड़ी ढलानों, जटिल भूगर्भीय संरचना, वन क्षेत्रों और शिमला की घनी आबादी वाले शहरी इलाकों में निर्माण कार्य करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। इसके अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान लगे लाकडाउन और भूमि संबंधी अड़चनों के बावजूद संयुक्त उपक्रम की टीम ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य कर दिखाया। परियोजना की इसी इंजीनियरिंग जटिलता और कार्यकुशलता की विश्व बैंक की टीम तथा भ्रमण पर आए गणमान्य व्यक्तियों ने भी मुक्तकंठ से सराहना की है। यह पुरस्कार साई इटरनल फाउंडेशन और सहयोगी कंपनियों की तकनीकी क्षमता, नवाचार व समर्पित टीमवर्क का प्रमाण है।



