Site icon Satluj Times

धर्मशाला में पर्यटन को नए पंख: 7.41 करोड़ की लागत से बन रही 4.3 किमी लंबी इको-एडवेंचर जिपलाइन

प्रदेश को देश की पर्यटन राजधानी बनाने के विजन के तहत राज्य सरकार ने धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र में एक बड़ी पहल की है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) माडल के अंतर्गत 7.41 करोड़ की लागत से एक भव्य ‘इको-एडवेंचर जिपलाइन’ परियोजना का विकास किया जा रहा है। यह जिपलाइन लगभग 4.3 किलोमीटर लंबी है, जो गल्लू देवी मंदिर से शुरू होकर बल गांव, नड्डी और मैगी प्वाइंट खड्ड जैसे खूबसूरत प्राकृतिक स्थलों से होकर गुजरेगी। धौलाधार पर्वतमाला के बीच से गुजरने वाली यह जिपलाइन पर्यटकों को घने जंगलों, गहरी घाटियों और हिमालय के अद्भुत दृश्यों का रोमांचकारी अनुभव कराएगी।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में इको-एडवेंचर जिपलाइन परियोजना को पूरी तरह प्रकृति-हितैषी (ईको-फ्रेंडली) बनाया जा रहा है, ताकि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे। यह परियोजना न केवल धर्मशाला में एडवेंचर टूरिज्म को एक नई पहचान देगी, बल्कि पर्यटकों को क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़कर उनके अनुभव को और अधिक समृद्ध बनाएगी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय होटल, होम-स्टे, गाइड, परिवहन और खान-पान के व्यवसायों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

Exit mobile version