Site icon Satluj Times

इंजीनियर्स डे: तकनीक और नवाचार से बदलेगी हिमाचल की तस्वीर, दिग्गजों का हुआ सम्मान

देश के महान इंजीनियर और राष्ट्र निर्माता भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर आज इंस्टीट्यूशन आफ इंजीनियर्स (इंडिया), हिमाचल प्रदेश राज्य केंद्र, शिमला में इंजीनियर्स डे पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। निगम विहार स्थित संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में 104 सालों की नेशन बिल्डिंग की शानदार यात्रा को याद किया गया। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एनपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन हमें पेशेवर नैतिकता, तकनीकी उत्कृष्टता और नवाचार की याद दिलाता है। उन्होंने आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों के इंजीनियरों ने बुनियादी ढांचे जैसे सड़क, पुल, इमारतें, और जल आपूर्ति प्रणालियों की योजना, डिजाइन और निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

पीएमजीएसवाई की मुख्य अभियंता ई. अनीता कथूरिया ने हिमाचल प्रदेश में चल रहे प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिमाचल जैसी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, खड़ी ढलानों, भूस्खलन, भारी बारिश और बर्फबारी वाले राज्य में इंजीनियरों के सामने अनूठी चुनौतियां होती हैं। ऐसे में सुरक्षित और टिकाऊ बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका और भी अहम हो जाती है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ई. एनपी सिंह ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दिग्गजों को हिमाचली टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सेवानिवृत्त प्रमुख अभियंता ई. सोनम रिनचेन नेगी, पूर्व निदेशक ई. एसडी रतन और हिमुडा के पूर्व सीईओ-सह-सचिव ई. दिनेश कुमार कश्यप शामिल रहे।

Exit mobile version