Site icon Satluj Times

आपरेशन सिंदूर ने भारत की आतंकवाद-विरोधी नीति को नई परिभाषा दीः राज्यपाल

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज आपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, पेशेवर दक्षता और अदम्य साहस की सराहना करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि 7 और 8 मई, 2025 की मध्यरात्रि को भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर स्थित आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों पर सुनियोजित, सटीक और लक्षित सैन्य कार्रवाई की थी। पहलगाम आतंकी हमले में 22 अप्रैल 2025 को 26 निर्दाेष पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने कहा कि ‘आपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह दुनिया के सामने भारत की यह दृढ़ घोषणा थी कि देश कभी भी आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा।’ उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने पूर्ण पेशेवर दक्षता, उद्देश्य और सटीकता के साथ कार्रवाई की। आपरेशन सिंदूर को एक ऐतिहासिक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है, जिसने भारत की आतंकवाद प्रतिरोधक क्षमता और सीमा पार खतरों के प्रति सोच को नई दिशा दी है। इस कार्रवाई में पाकिस्तान के 11 एयरफील्ड और 9 आतंकवादी शिविर नष्ट किए गए, जबकि दुश्मन भारत की किसी भी सैन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में असफल रहा।

Exit mobile version