राष्ट्रीय महत्व की बहुप्रतीक्षित किशाऊ बांध परियोजना को लेकर दिल्ली में एक अहम बैठक होने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई इस उच्च स्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। मुख्यमंत्री तय कार्यक्रम के अनुसार सोमवार दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ के लिए निकलेंगे, जहां से दोपहर 2:30 बजे उनका दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। यह महत्वपूर्ण बैठक 16 जून को आयोजित की जाएगी। किशाऊ बांध परियोजना को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार का रुख पहले से ही पूरी तरह स्पष्ट और कड़ा रहा है। राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना में प्रदेश के जल अधिकारों, पर्यावरण और स्थानीय लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस परियोजना को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से सरकार का रुख स्पष्ट है कि हिमाचल के हितों को ध्यान में रखकर ही इस परियोजना पर आगे बढ़ा जाएगा। राज्य के हक और लाभांश से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा।
बैठक में हिमाचल प्रदेश को मिलने वाले लाभांश, बिजली-पानी के हिस्से और विस्थापितों के उचित पुनर्वास जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा होगी। उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा पर बनने वाले इस बांध को लेकर दोनों राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय बनाना इस बैठक का मुख्य उद्देश्य है।इस बैठक में हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के भाग लेने की संभावना है।

