तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक तथा औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी का कहना है कि युवाओं को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति में उद्योग जगत का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं भविष्य की चुनौतियों को सफलतापूर्वक समझकर सुलझाने वाले युवा ही सही रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। राज्य सरकार उद्योग जगत के साथ मिलकर इस दिशा में कार्य कर रही है ताकि हमारे युवा बेहतर रोज़गार प्राप्त कर सके और उद्योगों को कुशल रूप से दक्ष युवा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दक्षता में कमी के कारणों को चिन्हित कर रही है।
उन्होंने उद्योग जगत से आग्रह किया कि वह दक्षता के विषय में अपनी आवश्कताएं प्रदेश सरकार से साझा करें। राजेश धर्माणी आज सोलन जिला के बद्दी में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ उद्योग संघ (बीबीएनआईए) एवं हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के सहयोग से आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय औद्योगिक परामर्श कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उद्योग जगत के सुझाव युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण है। आज की कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उद्योग में तकनीकी कौशल और शिक्षा की मांग को समझना है। उन्होंने कहा कि उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी शिक्षा प्रदान की जानी आवश्यक है ताकि आर्थिक विकास और रोज़गार का समन्वय स्थापित हो सके। प्रदेश में वर्तमान में 152 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, 16 पालीटेकनिक संस्थान तथा 5 इंजीनियरिंग महाविद्यालय हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में एक राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान तथा भारतीय तकनीकी संस्थान कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र में भी विभिन्न तकनीकी संस्थानों के माध्यम से युवाओं के कौशल को निखारा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) का मुख्य उद्देश्य युवाओं को दक्ष बनाना है।
राजीव अग्रवाल ने मांगें रखी
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की प्रबंध निदेशक गंर्धवा राठौर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से कौशल विकास परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ उद्योग संघ के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने उद्योग जगत की कौशल विकास से संबंधित मांगों पर सारगर्भित जानकारी दी। इस अवसर पर उद्योगपतियों तथा मंत्री राजेश धर्माणी के मध्य संवाद भी आयोजित किया गया। कार्यशाला में बीबीएनआईए के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कौशल विकास के महत्वपूर्ण विषय पर विचार-विमर्श किया।
ये अधिकारी थे मौजूद
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर, निदेशक तकनीकी शिक्षा अक्षय सूद, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, महासचिव वाईएस गुलेरिया, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रदेश समंवयक अतुल कडोता, महा प्रबंधक नरेश शर्मा सहित विभिन्न उद्योगों के उद्योगपति व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

