प्रदेश के 1.71 लाख पेंशनरों को छठे वेतनमान के एरियर के तौर पर अधिकतम एक लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। न्यूनतम एरियर की धनराशि तीस हजार रुपये से लेकर सेवानिवृति के समय पेंशन निर्धारण के तहत पेंशन एरियर का भुगतान हुआ है। चुनाव अधिसूचना जारी होने के एक पखबाड़ा पहले पेंशनरों के लिए आयु के हिसाब से एरियर भुगतान करने की घोषणा और अधिसूचना दोनों हुई थी।
पहली किश्त 50 हजार की मिली थी
राज्य की पूर्व जयराम सरकार के वक्त कर्मचारियों व पेंशनरों को एरियर की पहली किस्त के तौर पर 50-50 हजार की रकम का भुगतान किया गया था। इसके करीब डेढ़ साल बाद अब पेंशनरों के खाते में तो एरियर की थोड़ी रकम आई है।
सरकार ने पेंशनरों को पहली जनवरी 2016 से बकाया एरियर में से कुछ धनराशि का भुगतान किया है। इसमें क्लास डी की श्रेणी में आने वाले सेवानिवृत कर्मचारियों से लेकर क्लास ए श्रेणी के अधिकारियों के खाते में 30 हजार से लेकर 90 हजार रूपये तक की राशि आई है। सरकार ने इसके अलग-अलग स्लैब घोषित किए थे, जिसके अनुसार ही विभागों के डीडीओ ने पैसा जारी किया है। सेवानिवृत कर्मचारियों को राज्य कोषागार से ये एरियर धनराशि उनके खातों में पहुंची है।
आयु के हिसाब से स्लैब
वित्त विभाग ने जो स्लैब एरियर जारी करने के लिए दिया था उसके मुताबिक 75 साल या उससे ऊपर के पेंशनर या पारिवारिक पेंशनर को 35 फीसदी तक एरियर दिया गया है। इसी तरह से 70 साल से 75 साल तक के रिटायर कर्मचारी को 20 फीसदी एरियर दिया गया है, जबकि 65 साल से 70 साल तक के पेंशनर को 18 फीसदी और 65 साल तक के पेंशनर को 15 फीसदी एरियर का भुगतान किया गया है।
अगले माह से डीए मिलेगा
सरकार ने कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ता (डीए) की 4 फीसदी की किश्त भी सरकार ने घोषित कर रखी है, जो अप्रैल महीने के वेतन में मिलेगी। इसके अलावा 8 फीसदी डीए अभी और लंबित पड़ा है जिसकी अदायगी के लिए कोई फैसला सरकार ने नहीं लिया था। अब कर्मचारियों को जो भी वित्तीय लाभ मिलेंगे वो आचार संहिता खत्म होने के बाद ही मिलेंगे।

