Site icon Satluj Times

पीरियड आधार पर रखे जाने वाले शिक्षकों को मासिक 30 हजार मिलेगा मानदेय

प्रदेश के खोजे जा रहे सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए हिमाचल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब अंग्रेजी और गणित जैसे अहम विषयों के लिए शिक्षकों की भर्ती पीरियड आधार पर की जाएगी। इन शिक्षकों को 10 माह के लिए नियुक्ति दी जाएगी और हर महीने 30 हजार रुपये मानदेय प्रदान किया जाएगा। हाल ही में हुई मंत्रिमंडल बैठक में सरकार ने 2068 शिक्षकों के पद भरने को मंजूरी दी थी, जिसके तहत यह भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ छात्रों के कमजोर विषयों में प्रदर्शन सुधारने पर सरकार का विशेष फोकस है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती में प्राथमिकता अंग्रेजी और गणित विषयों को दी जाएगी, क्योंकि इन विषयों में शिक्षकों की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही है। बोर्ड परीक्षाओं में भी इन विषयों के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है। इन दिनों सीबीएसई स्कूलों के लिए शिक्षकों की चयन प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए सरकारी स्कूलों के शिक्षक भी आवेदन कर सकते हैं।

पहले भी लागू रही हैं ऐसी व्यवस्थाएं

प्रदेश में पहले भी एसएमसी के तहत शिक्षकों की नियुक्ति की जाती रही है। इसके अलावा अलग-अलग नीतियों के माध्यम से अस्थायी तौर पर शिक्षकों की कमी पूरी करने के प्रयास होते रहे हैं।

स्थायी भर्ती का विकल्प नहीं

हालांकि, यह नियुक्तियां पूरी तरह अस्थायी होंगी और केवल शैक्षणिक सत्र (10 माह) तक ही सीमित रहेंगी। ऐसे में यह व्यवस्था स्थायी भर्ती का विकल्प नहीं मानी जा रही। बल्कि तत्काल जरूरत को पूरा करने का उपाय है।

शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा सहारा

इस फैसले से सीबीएसई स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई को नया स्वरूप प्रदान करेगी। वहीं, युवाओं को भी अस्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा। सरकार का यह कदम जहां एक ओर शिक्षा व्यवस्था को सहारा देगा, वहीं दूसरी ओर स्थायी भर्ती की मांग भी तेज होने की संभावना है।

Exit mobile version