दूसरे की जगह परीक्षा देने के लिए दोषी पाए गए हिमाचल काडर के निलंबित आईएएस अधिकारी नवीन तंवर का कुछ पता नहीं है। निलंबित होने के बाद नवीन तंवर ने सचिवालय में कार्मिक विभाग को सूचित नहीं किया है, न ही वे 6 अप्रैल को संबंधित अधिकारी के पास पहुंचे। निलंबन की शर्तों के तहत नवीन तंवर को निर्धारित किए गए मुख्यालय अधिकारी को हाजिर होकर सूचित करना था मगर अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। नवीन तंवर को निलंबित हुए तीन दिन गुजर चुके हैं। प्रदेश सरकार ने नवीन तंवर को पांच अप्रैल को निलंबित किया था।
जिला उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल से संपर्क करने पर उन्होंने नवीन तंवर को लेकर कहा कि वह सीधे जनजातीय सचिव को सूचित करते हैं। इसके पीछे कारण ये है कि एडीसी पांगी स्ततंत्र रुप से कार्य करते हैं और जनजातीय विभाग के सचिव को सूचित करते हैं। चाहे अवकाश लेने का मामला ही क्यों न हो। निलंबन के बाद तो उनका मुख्यालय शिमला में तय किया है।
अब अवकाश नहीं मिलेगा
दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के मामले में दोषी पाए गए आईएएस नवीन तंवर को कार्मिक विभाग को सूचित करना था। लेकिन अभी तक उन्होंने संबंधित अधिकारी के सामने पेश होना था। देखना ये है कि सोमवार को सप्ताह के पहले दिन नवीन तंवर कार्मिक विभाग में पहुंचते हैं या नहीं। यदि वह नहीं आते हैं तो उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई होगी।

