नड्डा ने सुक्खू से मांगा पाई पाई का हिसाब
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने केंद्र द्वारा दिए गए पैसे का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया है। शनिवार को शिमला में भाजपा के द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 से 2025 तक आपदाओं से निपटने के लिए हिमाचल को 3789 करोड रुपए की राशि जारी की। इसके बावजूद सुक्खू सरकार हर जगह यह ढिंढोरा पीट रही है कि केंद्र सरकार उसे सहयोग नहीं दे रही है। उन्होंने सुक्खू सरकार को एहसान फरामोश सरकार कर दिया और कहा कि उसने बड़े पैमाने पर केंद्र द्वारा दिए गए पैसे का दुरुपयोग किया और इसे अपने मित्रों में खुर्दबुर्द कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्रीय सहायता के मामले में प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हिमाचल सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आपदाओं से निपटने अथवा विकास के लिए केंद्र की ओर से पैसे की कोई कमी नहीं है लेकिन प्रदेश सरकार एहसान फरामोश न बने। उन्होंने कहा कि हिमाचल में वास्तव में केंद्र सरकार ही काम कर रही है लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तगमें अपने लिए ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिल रही सभी योजनाओं में 90 फीसदी की राशि भारत सरकार दे रही है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने एक बार भी केंद्र का आभार नहीं जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार 15वें वित्त आयोग द्वारा दी गई राशि का अभी तक सिर्फ 50 प्रतिशत ही खर्च कर पाई है जबकि वित्त आयोग का कार्यकाल अगले वर्ष 31 मार्च को खत्म हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में बल्क ड्रग पार्क के निर्माण के लिए 225 करोड़ जारी किये जिसमें से अभी तक प्रदेश सरकार सिर्फ 52 करोड रुपए ही खर्च कर पाई है। नड्डा ने कहा कि वास्तव में व्यवस्था से अव्यवस्था ही सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन है। उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार को एडहॉक सरकार भी करार दिया और कहा कि इसके मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक तक एडहॉक पर लगे हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेताया कि केंद्र जो पैसा हिमाचल को दे रहा है वह सिर्फ विकास पर खर्च होना चाहिए। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का नारा भी दिया। इससे पूर्व जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला के निकट एयरपोर्ट रोड पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। नड्डा ने कहा कि भाजपा का यह कार्यालय सिर्फ कार्यालय नहीं बल्कि संस्कार केंद्र है और इसके बन जाने से पार्टी और अधिक व्यवस्थित ढंग से प्रदेश में काम कर पाएगी।
विकास के मामले में हिमाचल रिवर्स गियर में
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने राज्य को विकास के मामले में रिवर्स गियर में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि बीते 3 सालों में कांग्रेस ने प्रदेश को विकास के मामले में बहुत पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने 350 करोड रुपए का कर्ज लेकर 3 साल का जश्न मनाया। उन्होंने ये भी कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ एक लाख 10 हजार करोड रुपए से ऊपर पहुंच गया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2026 में कांग्रेस देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में हार का शतक लगाने जा रही है जबकि भाजपा का जीत का सिलसिला लगातार बना हुआ है।
अब हिमाचल की बारी
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने इस मौके पर कहा कि बिहार में कांग्रेस का सुपड़ा साफ करने के बाद अब हिमाचल की बारी है और भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कम से कम 60 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की 3 साल की रैली में जुते में डाल बांटी गई।
हिमाचल को बर्बाद कर दिया सुक्खू सरकार ने
नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने बीते 3 सालों में हिमाचल को हर मोर्चे पर बर्बाद करके रख दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं टूट चुकी हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं जबकि भाजपा सरकार ने अपने 5 साल के शासनकाल में सिर्फ 20हजार करोड रुपए का ही कर्ज लिया था। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश में आई आपदा के बावजूद सरकार में 3 साल पूरे होने का जश्न तो मना सकती है लेकिन आपदा की आड़ में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव नहीं करवा सकती। उन्होंने इसे हास्यास्पद करार दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 में प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

