हिमाचल के कांग्रेसी नेता झूठी गारंटियों और खोखले वादों का मॉडल लेकर बिहार में घूमते रहे
बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास नीति की ऐतिहासिक विजय बताया है। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़ेपन की पहचान बना बिहार, आज मोदी–नीतीश की जोड़ी के नेतृत्व में आर्थिक प्रगति का मजबूत स्तंभ बनकर उभरा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। एनडीए की यह जीत नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी विज़न और नीतीश कुमार की जमीन से जुड़ी कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित संपूर्ण एनडीए नेतृत्व को बधाई दी। इसी के साथ उन्होंने हिमाचल कांग्रेस पर भी करारा प्रहार किया। बिंदल ने कहा कि हिमाचल के कांग्रेसी नेता झूठी गारंटियों और खोखले वादों का मॉडल लेकर बिहार में घूमते रहे, लेकिन जनता ने इसे सिरे से नकार दिया। परिणाम ने साफ कर दिया कि देश में कांग्रेस का ग्राफ लगातार गिर रहा है और पार्टी अपने सबसे निचले पायदान पर पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि जो नेता ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर देश भर में भ्रम फैलाते रहे, उन्हें बिहार की जनता ने 10 सीटें भी नहीं दीं। कांग्रेस के केवल पाँच सीटों पर सिमट जाने को उन्होंने पार्टी के लिए ‘शर्मनाक स्थिति’ बताया। डॉ. बिंदल ने दावा किया कि हिमाचल की जनता भी कांग्रेस सरकार से तंग आ चुकी है और अगला मौका मिलते ही राज्य में भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने अंत में बिहार की जनता और एनडीए के नेतृत्व को पुनः हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह जीत राष्ट्र के विकास और स्थिर नेतृत्व की जीत है।

