उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चंबा जिला के सुल्तानपुर से मणिमहेश तक हेलीटैक्सी सेवा शुरू करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि चंबा में तीन हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। इनके निर्माण को लेकर सरकार ने वन सरंक्षण कानून के तहत अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा कि चालू साल के पहले 10 महीनों में अक्टूबर तक 1.36 करोड़ से अधिक सैलानी हिमाचल आए है।
इनमें 52 हजार 592 विदेशी सैलानी शामिल है। आपदा के बावजूद हिमाचल में इतनी अधिक संख्या में सैलानियों को आकर्षित करने में कामयाब हुआ है। अग्निहोत्री बुधवारा को राज्य विधानसभा में चंबा में पर्यटन विकास को लेकर कांग्रेस के नीरज नैय्यर द्वारा नियम 130 के तहत लाए गए प्रस्ताव पर हुई चर्चा का उत्तर दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद पर्यटक के विकास के लिए सरकार प्रयासरत है। राज्य में मौजूद पर्यटन विकास की संभावनाओं को कैसे भुनाया जाए विचार किया जा रहा है। राज्य में धार्मिक पर्यटन की आपार संभावनाए हैं। चंडीगढ़, गगल व अन्य हवाई अड्डों के साथ-साथ प्रमुख स्थलों पर राज्य के तमाम मंदिरों और धार्मिक स्थलों के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इसका मकसद धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि एक साल में चिंतपूर्णी मंदिर पांच करोड़ की अतिरिक्त आय का अर्जन किया गया। उन्होंने कहा कि चंबा की नैसर्गिक सुंदरता सैलानियों को आकर्षित कर रही है। प्रदेश सरकार चंबा में मौजूद पर्यटक स्थलों व राज्य के धार्मिक पर्यटक स्थलों पर एक पुस्तिका प्रकाशित करेगी।