Site icon Satluj Times

सुक्खू का कथन: हिमाचल हिन्दू बहुल राज्य, यहां धार्मिक मुद्दे हावी होने से हारे लोकसभा चुनाव

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में धर्म का मुद्दा हावी रहने की वजह से चारों सीट पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई। यहां राम मंदिर का मुद्दा भी हावी था। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह प्रदेश में ध्रुवीकरण नहीं होता है। ओक ओवर में लोकसभा और उपचुनाव परिणाम सामने आने के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले भारतीय जनता पार्टी का मत प्रतिशत साल 2024 आते-आते घट गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मत प्रतिशत बढ़कर 41.67 हो गया यह बीते लोकसभा चुनाव के मुकाबले 14 फीसदी की बढ़ोतरी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह व संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान भी साथ थे। इससे पहले कांग्रेस चार उपचुनाव जीतने की ओर से बढ़ रही थी कि ओक ओवर में पार्टी कार्यकर्ता ढोल नगारे लेकर पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ता खुशी से नाचने में मस्त रहे। चुनाव परिणामों पर नजर रखने के लिए ओक ओवर में मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान मौजूद थे।

उपचुनाव में जीत पर खुश हूं, लोकसभा चुनाव हाने का गम

सुक्खू ने छह विधानसभा क्षेत्र में से चार सीट पर जीत की खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें उपचुनाव की जीत की खुशी तो है, लेकिन साथ ही लोकसभा चुनाव में हार का गम भी है। उन्होंने कहा कि पार्टी हार पर गहन मंथन करेगी और अपनी कमियों को दूर करने की कोशिश करेगी। सुक्खू ने जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस के कार्यों पर मोहर लगाने का काम किया है।

 

 

 

 

 

Exit mobile version