Site icon Satluj Times

कांग्रेस फोबिया से ग्रसित हो चुके जयराम ठाकुर : कर्नल धनी राम

स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कांग्रेस फोबिया से ग्रसित हैं। उन्हें नींद में भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व कांग्रेस नेता नजर आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है, पूरी कांग्रेस मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। कांग्रेस सरकार 15 महीने के कार्यकाल में 10 में से 5 गारंटियां पूरी कर चुकी है, नेता प्रतिपक्ष को वे क्यों नजर नहीं आ रही। विपक्ष का काम सिर्फ विरोध करना नहीं होता, अच्छे कामों की सराहना भी विपक्षी दल को करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की याद्दाश्त भी कमजोर है। वह यह कैसे भूल गए कि ओपीएस मांगने पर उनकी सरकार ने कर्मचारियों पर लाठियां और वाटर कैनन चलवाई थीं। जयराम ठाकुर ने विधानसभा में कहा था कि अगर कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन चाहिए तो नौकरी से इस्तीफा देकर चुनाव लड़ लें।

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर का गणित वास्तव में ही कमजोर है। 68 विधायकों वाली विधानसभा में कांग्रेस के 40 विधायक थे और तीन निर्दलीयों का समर्थन था। तब भी सरकार के पास पूर्ण बहुमत था, अब 62 विधायक विधानसभा में होने होने पर कांग्रेस के पास 34 विधायक हैं, और सरकार के पास स्पष्ट बहुमत है। फिर जयराम कैसे कह रहे हैं कि सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं।

शांडिल ने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना की घोषणा बजट के बाद हुई, उसे कैबिनेट मंजूरी देकर 800 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान भी कर दिया गया। योजना की अधिसूचना जारी हो चुकी है। लाहुल-स्पिति में तो महिलाओं के खाते में पहली किश्त भी आ चुकी। जब योजना चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले से चल रही है तो भाजपा व नेता प्रतिपक्ष उसे क्यों रुकवाना चाह रहे हैं। जयराम महिलाओं को बताएं कि वह क्यों नहीं चाहते कि योजना जारी रहे।

Exit mobile version