Site icon Satluj Times

राज्यपाल ने रिज मैदान पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाग लिया

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कहा कि यह गर्व की बात है कि आज पूरा विश्व योगमय हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और संपूर्ण विश्व इसे अपना रहा है। योग हमें प्राचीन संस्कृति, परंपरा और अध्यात्म से जोड़ता है।

यह व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। वर्तमान में अधिकांश बीमारियां मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित होती है और मन को दृढ़ करने के लिए व्यक्ति को जीवन में योगाभ्यास अपनाना चाहिए। रिज पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में योग क्रियाएं की। आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी योग में भाग लिया। इस अवसर पर विधायक जेआर कटवाल, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूल के विद्यार्थी और गणमान्य लोगों ने यौगिक क्रियाएं की। इससे पहले, राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के योगाध्ययन विभाग के डा. सत्य प्रकाश पाठक द्वारा राजभवन में आयोजित किए गए योग और ध्यान कार्यक्रम में भाग लिया। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा और स्टाफ के अन्य सदस्यों ने भी योगासन किए।

इसके अलावा राजधानी में आरट्रैक, राज्य सचिवालय में, तारादेवी स्थित आईटीबीपी मुख्यालय, कसुम्पटी स्थित सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय, जतोग सैन्य कैंट, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुए। मुख्यालय सेना प्रशिक्षण कमान (आरट्रैक) ने शिमला में 10वां अंतरर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, एवीएसएम, वाईएसएम, वीएसएम, जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ, आरट्रैक और बरिंदर जीत, क्षेत्रीय अध्यक्षा आवा के नेतृत्व में इस कार्यक्रम में मुख्यालय आरट्रैक और स्टेशन इकाइयों के सभी रैंकों और परिवारजनों की सक्रिय भागीदारी देखी गई।

सचिवालय में संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार टाक सहित सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सुबह आर्म्जडेल प्रांगण में योग किया।

Exit mobile version