Site icon Satluj Times

2134 करोड़ के बल्क ड्रग पार्क के लिए सरकार ने 50 करोड़ जारी किए: सुखविंदर सिंह सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऊना जिले के हरोली में बनने वाले बल्क ड्रग पार्क में अवसंरचना विकास के लिए 50 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू सचिवालय में आयोजित उद्योग विभाग की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बल्क ड्रग पार्क का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्माण से संबंधित सभी विभागों और एजेंसियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में स्थल विकास, सड़कें, डिस्चार्ज ट्रीटमैंट संयंत्र, भाप उत्पादन, डक्टिंग सहित विभिन्न संरचनाओं का विकास कार्य किया जाना है। इन सभी संरचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाए। विभिन्न स्तराें पर गुणवत्ता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही कार्य योजना पर दृढ़ता से आगे बढ़ा जाए। उद्योग विभाग की अन्य विभिन्न परियोजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की तथा निविदा, वित्तीय संसाधन, भूमि हस्तांतरण आदि मामलों को लेकर तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विकासात्मक परियोजनाओं का लाभ समयबद्ध आम लोगों को सुनिश्चित किया जा सके।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि विभाग की परियोजनाओं में हरित हिमाचल की परिकल्पना को साकार करने के दृष्टिगत दृढ़ता से कार्य किया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकसित हिमाचल की अवधारणा को पूरा करने के लिए सार्थक कदम उठाए जाएं। बैठक में प्रधान सचिव उद्योग आरडी नजीम, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति, अतिरिक्त निदेशक तिलकराज शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। निर्माण में देरी हाेने से पार्क की लागत बढ़कर 2134 करोड़ पहुंच गई है।

पार्क की विकासात्मक योजनाओं के लिए 356.72 करोड़

इस साल जनवरी में बल्क ड्रग पार्क की विकासात्मक योजनाओं के लिए 356.72 करोड़ के लोकार्पण हुए थे। पुंजुआना में प्रशासनिक और टाउनशिप ब्लाक से कुठेड़ बीट में बल्क ड्रग पार्क के गेट तक 42.04 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले संपर्क मार्ग और 73.84 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले प्रशासनिक और आवासीय ब्लाक बल्क ड्रग पार्क परियोजना का स्थापित होगा। वहीं, 14.44 करोड़ रुपये की लागत से पोलियां गांव में बल्क ड्रग पार्क स्थल के लिए 10 एमवीए बिजली आपूर्ति और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के 132/33 केवी सब-स्टेशन के समीप टाहलीवाल में 15.83 करोड़ रुपये की लागत से 220/132 केवी 100 एमवीए सब स्टेशन (50 एमवीए की अधिकतम सीमा के साथ) के साथ स्थापित किया जाएगा।

Exit mobile version