स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने शुक्रवार को अपने परिवार के सदस्यों व जिला प्रशासन किन्नौर के साथ अपना 105वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर जिला किन्नौर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने देश के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी का 105वां जन्मदिन मनाने के लिए विशेष प्रबंध किए थे। नेगी का जन्मदिन मनाने के लिए विशेष तौर पर केक लाया गया और श्याम सरण ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। देश स्वतंत्र होने के बाद प्रत्येक चुनाव में मताधिकार का उपयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने में श्याम सरण नेगी ने योगदान दिया। प्रत्येक चुनाव में उनकी भागीदारी से युवाओं को संदेश रहता है कि लोकतंत्र के पर्व को गंभीरता से लेने की जरूरत है। नेगी ने देश के स्वतंत्र होने के बाद हर लोकसभा चुनाव में मतदान किया। इसके अलावा प्रदेश विधानसभा के लिए जितने चुनाव हुए, प्रत्येक चुनाव में मतदान करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। स्वतंत्र देश के प्रथम मतदाता से हर व्यक्ति को प्रेरित होना चाहिए। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जन्मदिन मनाने के लिए प्रबंध किया गया था। जिला उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने श्याम सरण नेगी को जन्मदिन पर बधाई दी और उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने 105वां जन्मदिन मनाया
