– न तो आलाकमान ने मुझसे और न ही किसी और ने इस्तीफा मांगा
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार के बाद हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि वे पांच साल तक सरकार चलाएंगे। सुक्खू ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, न तो आलाकमान ने मुझसे और न ही किसी और ने इस्तीफा मांगा है और ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा जिस तरह का काम राज्य के भाजपा नेताओं ने किया है उन्हें अपने ही लोगों पर भरोसा नहीं है। तभी सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस तैनात की गई थी। विधायकों को शिमला लाने के लिए हेलीकाप्टर का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा लेकिन मैं एक बात कहना चाहता हूं कि हिमाचल की जनता हमारे साथ है और विधायक हमारे साथ हैं। मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि हम हिमाचल सरकार को पांच साल तक चलाएंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या यह “आपरेशन लोटस” या “अपने कांग्रेस के लोगों” के कारण वर्तमान स्थिति उत्पन्न हुई। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कुछ गलतियां हुई होंगी और उन गलतियों के कारण कुछ कमियां रही होंगी। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि आपरेशन लोटस में जिस तरह के ‘तंतर-मंतर’ का इस्तेमाल किया गया था, उसकी इसमें बड़ी (भूमिका) थी।

