Site icon Satluj Times

मुख्यमंत्री कांगड़ा से अचानक नई दिल्ली रवाना

शिमला : कांगड़ा जिला के दौरे पर गए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अचानक दोपहर बाद नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार उनका यह दौरा प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के प्रस्तावित दौरों से जोडक़र देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस माह के अंत तक कांगड़ा आने का कार्यक्रम बन रहा है। इसी तरह उनकी चंबा के दौरे को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री उनको प्रदेश आने का न्यौता दे सकते हैं। प्रधानमंत्री के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी 13 को कांगड़ा जिला के दौरे पर आ रहे हैं। यहां पर वह युवा मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करेंगे। इसके अलावा नड्डा कुल्लू के ढालपुर मैदान में भी जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम भी बन रहा है। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं, जिसमें हिमाचल प्रदेश से जुड़े विषयों पर उनकी चर्चा करने की संभावना है। साथ ही एम्स में भर्ती कांग्रेस के दिग्गज नेता पंडित सुखराम का हालचाल पूछने के लिए जा सकते हैं।

विवादित झंडों के मसलों पर हो सकती है चर्चा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नई दिल्ली दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर प्रतिबंधित आतंकी संगठन की तरफ से झंडे लगाए जाने और उसके बाद उत्पन्न हालात को लेकर चर्चा कर सकते हैं। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश सुर्खियों में आ गया है, जिसके बाद प्रदेश की सीमाओं को सील करने के बाद सुरक्षा घेरे को बढ़ा दिया गया है। राज्य में बाहर से आने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है तथा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा रही है। 

Exit mobile version