Site icon Satluj Times

मुख्यमंत्री ने ‘अध्यापकों के अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ‘अध्यापकों के अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रथम बैच में प्रदेश भर से चयनित 102 अध्यापकों को पांच दिवसीय भ्रमण पर भेजा जा रहा है, जो 24 फरवरी को सिंगापुर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री ने चयनित अध्यापकों को विदेश भ्रमण की किट्स भी प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि 15 मार्च को 98 अध्यापकों का दूसरा बैच अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर भेजा जाएगा।

सभी चयनित अध्यापकों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शिक्षा क्षेत्र की नई तकनीकों से अवगत होने का अवसर प्राप्त होगा। शिक्षा के नए तौर-तरीकों को जानकर अध्यापक और छात्रों के बीच बेहतर समन्वय होने से छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के मामले में 18वें स्थान पर खिसक गया है। वर्तमान राज्य सरकार शिक्षा में सुधार लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप सक्षम बन सकंे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खोले जा रहे राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल शिक्षा में गुणात्मक सुधार की दिशा में एक अनूठी पहल है और आने वाले दस वर्षों में ये स्कूल सबसे बेहतर शैक्षणिक केंद्र बनकर उभरेंगे, जहां शिक्षा के साथ-साथ खेलों के लिए भी पर्याप्त सुविधा उपलब्ध होगी।

Exit mobile version