लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य विपक्षी नेता सरकार के खिलाफ आधारहीन बयानबाजी करके प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। सचिवालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विपक्ष ऐसा इसलिए कर रहा है, क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता हिमाचल के हिताें की पैरवी करने के बजाय दिल्ली जाकर राज्य सरकार को मिल रहे सहयोग को बंद करवाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा नेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए वर्तमान प्रदेश सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं।
लेकिन उन्हें यह बात समझनी चाहिए कि हिमाचल प्रदेश के पास अधिक संसाधन नहीं है, इसलिए केंद्र का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बजट में जम्मू-कश्मीर के लिए 25 हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिया गया है लेकिन हिमाचल प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा की एवज में अभी तक एक पैसा भी नहीं मिला है। सरकार हिमाचली युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैै। हालांकि सरकारी क्षेत्र में रोजगार प्रदान करने की एक सीमा है। लेकिन सरकार शिक्षित युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा रोज़गार के अवसर दिलाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
सरकार जल विद्युत परियोजनाओं, पर्यटन, पशुपालन, प्राकृतिक खेती, कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में कदम उठा रही है। राज्य सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में 42 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियों के अवसर प्रदान किए हैं, जबकि पूर्व भाजपा सरकार अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में मात्र 20 हजार नौकरियां ही दे पाई। श्रम एवं रोजगार विभाग को विदेश में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशने का जिम्मा दिया गया है।

