सीटीओ चौक में जश्न, एनडीए की प्रचंड विजय पर नेता प्रतिपक्ष ने साधा कांग्रेस पर निशाना
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद शिमला के सीटीओ चौक पर शनिवार को खासा उत्साह देखने को मिला। विजय उत्सव के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार का जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और सुशासन की जीत है।” जयराम ठाकुर ने कहा कि देश की राजनीति में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रो-इनकंबेंसी का नया अध्याय लिख दिया है। “20 साल बाद भी जनता का इतना अपार विश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश को मोदी जी का नेतृत्व ही पसंद है—जो वादे करता है और उन्हें निभाकर दिखाता है।” सीटीओ चौक में आयोजित यह कार्यक्रम एनडीए की जीत के जश्न में माहौल बनता रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा और “मोदी-मोदी” के नारे देर तक गूंजते रहे। नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार की पारदर्शी व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने शासन को इस रूप में बदला है कि “एक-एक पाई सीधे जनता तक पहुंचे, किसी बिचौलिए की कोई गुंजाइश ही नहीं रही।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एनडीए नेताओं को शानदार जीत पर बधाई दी।
कांग्रेस पर तीखा हमला — “झूठ, छलावा और प्रपंच की राजनीति को जनता ने नकारा”
जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिहार और देश की जनता अब राहुल गांधी और महागठबंधन की “नकारात्मक तथा विघटनकारी सोच” को अच्छी तरह पहचान चुकी है।
उन्होंने कहा कि “झूठी गारंटियों, फर्जी वादों और लोकलुभावन नारों” का दौर खत्म हो चुका है। जयराम ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी ने जितनी बार प्रधानमंत्री मोदी पर अमर्यादित टिप्पणियां कीं, जनता ने हर बार उन्हें जवाब दिया। बिहार में भी कांग्रेस लगभग गायब है, जनता ने उन्हें सिरे से नकार दिया।”
सुक्खू पर सीधा वार — ‘झूठ की राजनीति का ब्रांड एंबेसडर’
नेता प्रतिपक्ष यहीं नहीं रुके। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि सुक्खू बिहार में कांग्रेस के स्टार प्रचारक तो पहुंचे, लेकिन “झूठ का ऐसा पिटारा खोला कि बाद में खुद ही संभाल नहीं पाए।” उन्होंने तंज कसा, “सबसे ज्यादा जिलों में रैलियां करने और ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकालने के बावजूद कांग्रेस दहाई के आंकड़े के लिए भी तरस रही है।” जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में भी सुक्खू सरकार ने “झूठी गारंटियों के सहारे” सत्ता पाई और आने वाले समय में कांग्रेस को यहां भी बिहार जैसा ही हश्र देखने को मिलेगा।

