हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में वित्तीय देनदारियों और भत्तों को लेकर असंतोष गहरा चुका है। एचआरटीसी पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा लंबित वित्तीय लाभ जारी करने के लिए दिया गया 31 अक्टूबर का अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद अब पेंशनर्स ने 3 नवंबर से निगम मुख्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव करेंगे। वहीं, त्योहारी सीजन को देखते हुए स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन ने भी मोर्चा खोलते हुए दिवाली से पहले 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने और 1 तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। गत वर्ष सितंबर में सेवानिवृत हुए 207 कर्मचारियों को एक साल गुजर जाने के बाद भी पेंशन नहीं मिल रही है। सभी के पेंशन पेमेंट आर्डर जारी हाेने के बावजूद बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कर्मचारी वेतन की निश्चित तारीख चाहते हैं और इसी तरह से पेंशनर भी। पेंशनरों को गत वर्ष घोषित 3 प्रतिशत डीए और इस वर्ष का 5 प्रतिशत नहीं मिला है।
पेंशनरों को मिल चुके सभी लाभ हमें भी मिलें
प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी विभागों के विभिन्न आयु वर्ग के पेंशनरों को पेंशन संबंधी वित्तीय लाभ प्रदान कर दिए हैं। हम भी उसी तर्ज पर वित्तीय लाभ चाहते हैं। मजबूरी में हमें हक के पैसों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। प्रबंधन और सरकार लगातार हमारी मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। अल्टीमेटम पूरा हो चुका है, अब हमारे पास आंदोलन के सिवा कोई विकल्प नहीं बचा। यदि तुरंत भुगतान आदेश जारी नहीं हुए, तो 3 नवंबर से मुख्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव होगा और जब तक समाधान नहीं निकलता, हम पीछे नहीं हटेंगे।- राजेंद्र ठाकुर, सचिव एचआरटीसी पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति।
निगम कैश फ्लो की समस्या से जूझ रहा
निगम भारी वित्तीय घाटे और नकदी प्रवाह (कैश फ्लो) के दबाव से जूझ रहा है। इसके बावजूद पेंशन और वेतन का समयबद्ध भुगतान प्राथमिकता है। पेंशनरों के लंबित एरियर और ग्रेच्युटी आदि के निपटारे के लिए राज्य सरकार और वित्त विभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है ताकि आवश्यक बजट का प्रविधान कराया जा सके।- आदित्य नेगी, प्रबंध निदेशक राज्य पथ परिवहन निगम।
कंडक्टर यूनियन की मांग: दिवाली से पहले मिले राहत
उधर, स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के प्रांतीय प्रधान प्रीत महिंदर, महासचिव दीपेंद्र कंवर और संगठन मंत्री प्रमोद ठाकुर ने उप-मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से गुहार लगाई है कि 7 और 8 नवंबर को दिवाली का पर्व है। कर्मचारियों को त्योहार की तैयारी के लिए नकदी की आवश्यकता है। यूनियन ने मांग की है कि पहली तारीख को ही सभी कर्मचारियों के खातों में मासिक वेतन डाला जाए (अक्टूबर में 5 तारीख को वेतन मिला था)। 5 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की किश्त तुरंत जारी की जाए ताकि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।

