Site icon Satluj Times

आज खुले रहेंगे सभी सरकारी स्कूल, शिक्षक व गैर शिक्षक सभी आएंगे स्कूल

हिमाचल के सभी सरकारी स्कूलों में इस वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। स्कूलों में अवकाश नहीं होगा। शिक्षक व गैर शिक्षक सभी को स्कूल आना होगा। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम स्कूलों में आयोजित किए जाएंगे। निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली की ओर से इस संबंध में पहले ही सभी उप निदेशकों और स्कूल काम्प्लेक्स के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री के संबोधन लाइव दिखाया जाएगा। प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में निर्बाध लाइव प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा निदेशालय ने कंट्रोल रूम गठित किया है। निदेशालय की ओर से जारी कार्यालय आदेश में चार अधिकारियों को कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर प्रसारण की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश के अनुसार, प्रवक्ता कंप्यूटर विज्ञान (लेक्चरर आईपी) रीना शर्मा, नंद किशोर, दिनेश कुमार और विनोद कुमार को कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी 15 अगस्त को मुख्यमंत्री के भाषण के लाइव प्रसारण की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रसारण सही तरीके से और बिना किसी व्यवधान के हो। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्कूल में मुख्यमंत्री के भाषण के लाइव प्रसारण के दौरान तकनीकी समस्या, व्यवधान या अन्य किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो संबंधित जिले के उपनिदेशक प्रारंभिक/उच्चतर शिक्षा नहीं, बल्कि उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक) कंट्रोल रूम से संपर्क करेंगे। इसके लिए चारों अधिकारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध करवाए गए हैं।

शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का प्रदेशभर के स्कूलों में एक साथ प्रसारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

गैर शिक्षक भी आएंगे स्कूल : उप निदेशक

कांगड़ा जिला के उप निदेशक शिक्षा अजय समयाल ने कहा कि 15 अगस्त को सभी स्कूल खुले रहेंगे। शिक्षक व गैर शिक्षक सभी स्कूल आएंगे। शिक्षा निदेशालय से प्राप्त निर्देशों को सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भेज दिया है। स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा व कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन को भी स्कूलों में लाइव सुनाया जाएगा।

Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

Exit mobile version