Site icon Satluj Times

अगर दोबारा स्कूल जाने का मौका मिला तो पढूंगा हिंदी’, तीसा में नन्हीं छात्रा के सवाल पर बोले CM सुक्खू; स्कूल को दी ₹3 करोड़ की सौगात

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के चंबा दौरे के दौरान पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा में आयोजित ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम बेहद रोचक और प्रेरणादायी पलों का गवाह बना। कार्यक्रम के दौरान उस समय पूरा हॉल मुस्कुरा उठा, जब चौथी कक्षा की नन्हीं छात्रा अपेक्षा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से सीधा और मासूम सवाल पूछ लिया कि यदि उन्हें पांचवीं कक्षा तक दोबारा पढ़ने का अवसर मिले, तो वह कौन सा विषय पढ़ना पसंद करेंगे। मुख्यमंत्री ने बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत हिंदी विषय में अपनी विशेष रुचि जताई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उन्हें छठी कक्षा से ऊपर दोबारा पढ़ाई का अवसर मिले, तो वह राजनीति शास्त्र (पॉलिटिकल साइंस) पढ़ना पसंद करेंगे।

​इस संवाद कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ बेहद बेबाकी से बातचीत की। इसी दौरान छात्रा इशिका भारद्वाज ने बिना किसी संकोच के स्कूल में आधुनिक साइंस लैब और जरूरी उपकरणों की कमी का मुद्दा सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। छात्रा के इस आत्मविश्वास और तार्किक बात से मुख्यमंत्री बेहद प्रभावित हुए।
​

बच्चों की इस मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मौके पर ही तीसा स्कूल के लिए बड़ी घोषणा कर दी। उन्होंने स्कूल में अत्याधुनिक साइंस लैब के निर्माण और आठ अतिरिक्त कमरों के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में पीछे न रहें।

Exit mobile version